दक्षिण कोरिया के मुआन अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एक बड़ी दुर्घटना हुई, जिसमें 124 लोगों की जान चली गई। रविवार को बैंकॉक से लौटते समय जेजू एयर का एक विमान लैंडिंग करते वक्त दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में कुल 181 लोग सवार थे, जिनमें 175 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य शामिल थे।

दक्षिण कोरिया के अग्निशमन विभाग के अनुसार, हादसे में दो लोगों को जीवित बचा लिया गया है। विमान के पिछले हिस्से में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। समाचार एजेंसी योनहाप के अनुसार, शुरुआती जांच में पक्षियों से टकराना इस दुर्घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दुर्घटना का ठोस कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

दक्षिण कोरिया के कार्यवाहक राष्ट्रपति चोई सांग-मोक ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।

घटनास्थल पर दमकल की 32 गाड़ियां और 80 कर्मी राहत कार्य में जुटे हुए हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसलता हुआ दीवार से टकराता और आग की लपटों में घिरता दिखाई दे रहा है। इस वीडियो की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है।

विमान में 173 यात्री दक्षिण कोरियाई और 2 थाई नागरिक थे। इस दुर्घटना ने दक्षिण कोरिया की विमान सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, हालांकि अब तक इसका रिकॉर्ड अच्छा रहा है। मुआन एयरपोर्ट राजधानी सियोल से 288 किलोमीटर दूर है। प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता देने की बात कही है।