मुरादाबाद। अमरोहा के गुरुद्वारे में धार्मिक झंडे से तिरंगा ऊंचा लगा था। इसकी जानकारी मिलते ही पंजाब से आए निहंग जत्थे ने इसे उखाड़कर नीचे फेंक दिया। इसके बाद इसका वीडियो वायरल कर दिया। इससे पुलिस महकमें तहलका मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर
दी है।
यह मामला रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव सूदनपुर में स्थित गुरुद्वारे का है। थाने में तैनात दारोगा द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक यहां पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा लगाया गया था। बताते हैं कि ऊंचाई के हिसाब से तिरंगा गुरुद्वारा में लगे निशान साहिब से ऊंचा था।
इसकी जानकारी पंजाब में रहने वाले निहंग जत्थे को हुई थी। लगभग 10 दिन पहले पंजाब से चार निहंग यहां गुरुद्वारा पहुंचे तथा विरोध जताया। उन्होंने गुरुद्वारा के ग्रंथी नेपाल सिंह से जबरन तिरंगा नीचे उतरवाया। उतारते समय तिरंगा नीचे गिर गया। साथ ही जत्थे में शामिल एक निहंग ने लगभग ढाई मिनट की वीडियो भी बनाया है।
एएसपी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रध्वज से संबंधित मामला पुराना है। परंतु इंटरनेट मीडिया के माध्यम प्राप्त वीडियो के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। मामले की जांच शुरू करा दी है।
सूदनपुर गुरुद्वारा के ग्रंथी नेपाल सिंह ने बताया कि चार लोग पंजाब से आए थे। उन्होंने धमका कर तिरंगा उतारने के लिए कहा था। तिरंगा उतारते समय संतुलन बिगड़ने से गिर गया था। जिसे बाद में सम्मानपूर्वक रख दिया गया था। हम देशभक्त हैं, तिरंगे का अपमान करने का सवाल ही नहीं उठता।

