बिजनौर। पहाड़ों पर 48 घंटों से हो रही भारी बारिश की वजह से कालागढ़ के रामगंगा बांध का जलस्तर 363.50 मीटर पहुंच गया है। बांध प्रशासन ने उत्तर प्रदेश के सात जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों को बाढ़ चेतावनी जारी कर दी है। बांध से पहले चरण में पांच हजार क्यूसेक पानी की निकासी की जाएगी। कालागढ़ के सूखासोत का पानी 48 घंटों की बारिश के बाद उफनकर नई बस्ती के सामने पहुंच गया है। जिससे इस्लामनगर, पुराना कालागढ़ की नई बस्ती के सामने जलभराव हो गया है।
मंगलवार सुबह हरिद्वार के भीमगोडा बैराज से छोड़ा गया तीन लाख, 72 हजार क्यूसेक पानी बिजनौर बैराज पर पहुंच गया है। मंगलवार रात में आठ बजे बैराज से 3.61 लाख क्यूसेक पानी बह रहा है। ऐसे में खादर क्षेत्र में बाढ़ के हालात बन गए हैं और कई गांवों में पानी घुस गया है। बिजनौर बैराज पर तैनात अवर अभियंता पीयूष कुमार ने रात में 8:30 बजे बताया कि गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर है। बिजनौर बैराज से तीन लाख 67 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे खादर क्षेत्र में बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। अभी तक शेरपुर नई बस्ती, हसापुर परसा, दबखेडी, हरिपुर आदि गांवों में पानी पहुंच चुका है। वहीं क्षेत्र के दर्जनों गांवों में देर रात तक पानी पहुंचने की संभावना है। ग्रामीणों से सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की जा रही है।
वहीं, बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद अधिकारियों ने रामगंगा नदी में पानी की निकासी का निर्णय लिया है। बांध के अधीक्षण अभियंता प्रवीण कुमार ने बाढ़ चेतावनी जारी कर दी है। मुरादाबाद, बरेली, कानपुर के आयुक्त व पुलिस महानिरीक्षक के अलावा बिजनौर, मुरादाबाद, जेपीनगर, रामपुर, बरेली, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर के जिला अधिकारियों को बाढ़ चेतावनी जारी कर कहा है कि बांध का जलस्तर 363.50 मीटर होने के पश्चात पानी की निकासी की जाएगी। बांध का अधिकतम जलस्तर 365.300 मीटर है।
पहाड़ों की बारिश से कालागढ़ के सूखासोत, मीरासोत, चौड़ासोत आदि का पानी रामगंगा नदी में दो दिनों से चल रहा है। जो हरेवली होकर भूतपुरी से गुजर रहा है। अब रामगंगा बांध के स्पिलवे से चलने वाला पानी इसी मार्ग से बिजनौर, मुरादाबाद, जेपीनगर, रामपुर, बरेली, फर्रुखाबाद, शाहजहांपुर आदि से होकर जाएगा। नदी में पहले से ही जमा पानी का स्तर कालागढ़ से आने वाले पानी से और अधिक हो सकता है। जिससे तटीय इलाकों की आबादी व फसलों को नुकसान हो सकता है।

