ग्रेटर नोएडा। पाली गांव के बीए एलएलबी अंतिम वर्ष के छात्र रोबिन सिंह की हत्या में पुलिस को विवाहिता के परिजन से पूछताछ में ठोस सुराग हाथ लगे हैं। आरोपियों ने आधी रात के बाद रोबिन को अपने घर में देखकर उसकी हत्या की थी। आरोपियों ने पहले घर में बिजली के तार से गला दबाकर फंदे पर लटकाया था, फिर उसे कार की डिग्गी में डालने लगे। इस दौरान रोबिन के शरीर में कुछ हरकत हुई तो आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया। आरोपियों ने दादरी निवासी दोस्त की मदद से कोट गांव के पास शव नहर में फेंक दिया था।

सेंट्रल जोन के एडिशनल डीसीपी इलामारन जी. का कहना है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। वहीं बृहस्पतिवार को भी रोबिन का शव बरामद नहीं हो पाया। पुलिस का नहर में तलाशी अभियान जारी है। आरोप था कि विवाहिता से प्रेम प्रसंग के चलते छात्र रोबिन की हत्या की गई थी। पुलिस ने विवाहिता के परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि 27 फरवरी को देर रात सुबोध दादरी से माता के जागरण में शामिल होकर घर लौटा था। इस दौरान उसे घर की छत से कुछ आवाज आई। वह ऊपर पहुंचा तो उसने रोबिन को विवाहिता के पास देख लिया। आरोपी ने अन्य भाइयों को बुलाकर रोबिन को दबोच लिया और हत्या करने के बाद शव नहर में फेंक दिया था। बताया गया है कि आरोपियों के पकड़ने के दौरान रोबिन भी उनसे भिड़ गया था। उसने पत्थर से हमला भी किया था, जिससे सुबोध जख्मी हुआ था। सुबोध भी एलएलबी का छात्र है।
वारदात से पहले बंद कर दिया था सीसीटीवी कैमरा
आरोपियों के घर सीसीटीवी कैमरा लगा है। इसके चलते पुलिस ने सबूत पुख्ता करने के लिए डीवीआर कब्जे में ली थी। पुलिस को जांच पड़ताल में पता चला है कि वारदात से पहले ही सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए थे। इस कारण वारदात की फुटेज पुलिस को नहीं मिल पाई है।
नहर के किनारे झाड़ियों में फेंक दिया था मोबाइल
पुलिस को पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने दोस्त की मदद से शव नहर में फेंकने के बाद नहर के किनारे ही मोबाइल झाड़ियों में फेंक दिया था। पुलिस मोबाइल बरामद करने का प्रयास कर रही है।

