लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान आज चल रहा है। ये तीनों सीटें मैनपुरी, रामपुर और खतौली को राजनीतिक दलों ने अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। हालांकि सुबह के समय यहां मतदान की गति थोड़ी धीमी रही, इसके बाद धीरे धीरे मतदान की गति बढ़ती गई। वहीं मैनपुरी में अखिलेश यादव ने प्रशासन पर भाजपा का पक्ष लेने का आरोप लगाया है। इन सीटों पर मतदान शाम छह बजे तक होगा। उपचुनाव के नतीजे आठ दिसंबर को आएंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप चुनाव में सुबह 11 बजे तक मैनपुरी सीट पर 19.5 प्रतिशत मतदान हो गया है। वहीं, मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर खतौली में 20.70 फीसदी वोटिंग हो चुकी है। रामपुर में मतदान की रफ्तार धीमी है। रामपुर में 11 बजे तक 11.3 फीसदी मतदान हुआ है।
मैनपुरी लोकसभा क्षेत्र में आने वाले इटावा के जसवंतनगर में भी मतदान कराया जा रहा है। यहां सैफई के पोलिंग बूथ पर सुबह.सुबह ही सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने मतदान किया। मतदान करने के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि आम चुनाव 2019 में नेताजी ;मुलायम सिंह यादव को जितने वोट मिलते थे उससे तीन गुना ज्यादा वोटों से सपा प्रत्याशी डिंपल यादव जीतेंगी।
रामपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी और उनकी पत्नी सीमा नकवी ने मतदान किया। रामपुर में निर्वाचन कार्यों की कंट्रोल रूम के कर्मचारी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव में नावला में एक ईवीएम मशीन खराब थी। जिसकी सूचना पर एसपी सिटी और एडीएम ई ने मौके पर पहुंचकर ईवीएम मशीन को बदलवाया। दोबारा से मतदान शुरू कराया गया है। नावला मतदान केंद्र पर ही एक एजेंट के पास मोबाइल हुआ बरामद।

