Bijnore news युवक की पीट पीट कर हत्या, फौजी घायल, लोगों ने लगाया जाम

bijnore crime news

बिजनौर। मुरादाबाद स्टेट हाईवे पर हल्दौर के पास स्थित ढाबे पर खाना खा रहे फौजी और उसके दो चचेरे भाइयों पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया गया। जिसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि फौजी गंभीर रूप से घायल है जिसे मेरठ रेफर किया गया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।

गुस्साए लोगों ने स्टेट हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों का आरोप है कि डायल 112 पुलिस की मौजूदगी में ढाबा स्वामी और उसके यहां काम करने वाले लोगों ने हमला बोला था।

जानकारी के अनुसार, वाजिदपुर निवासी सन्नी पुत्र सुखबीर अपने भाई हिमांशु पुत्र गम्भीर और अंकुर पुत्र रणधीर के साथ ढाबे पर खाना खा रहा था। इसी दौरान ग्राम खतापुर निवासी ढाबे पर काम करने वाले कुछ युवकों से कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

मारपीट में सन्नी और हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने दोनों को इलाज के लिए मेरठ ले जाया, जहां सन्नी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि फौज में तैनात हिमांशु की हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया गया कि पुलिस ने पीड़ित पक्ष के ही अंकुर पुत्र रणधीर को रात में हिरासत में ले लिया था। गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचने पर आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को बालकिशनपुर चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया।

advertisement at ghamasaana