Meerut news : लापता युवक की गला काटकर हत्या, गन्ने के खेत में पड़ा मिला शव

meerut crime news

मेरठ । घर से किसी काम के लिए बाहर गए युवक की गला काटकर हत्या कर दी गई। युवक का शव सोमवार सुबह जंगेठी गांव के जंगल में ईख के खेत में पड़ा मिला। मामले की जानकारी मिलते ही कंकरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के परिजनों से भी पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के जंगेठी निवासी विपिन कुमार 35 पुत्र रुपराम प्राइवेट नौकरी करता था। कुछ समय पहले युवक ने फैक्ट्री में नौकरी छोड़ दी थी। रविवार सुबह दस बजे युवक घर से किसी काम के लिए निकला था। उसके बाद युवक का कुछ पता नहीं चला। परिजनों ने युवक की तलाश शुरु की, लेकिन कोई पता नहीं चला।

सोमवार को युवक का शव गांव के बाहर ट्यूवबेल से 10 कदम की दूरी पर ईख के खेत में पड़ा मिला। सूचना पर इंस्पेक्टर कंकरखेड़ा उत्तम सिंह राठौर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

युवक के परिजनों ने रंजिश से इंकार किया है। ऐसे में पुलिस को मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। इंस्पेक्टर का कहना है कि रंजिश और प्रेम प्रसंग में हत्या होना लग रहा है। मोबाइल की सीडीआर के आधार पर आगे की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज की जाएगी।

advertisement at ghamasaana