देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर 8 जून तक ट्रैफिक डायवर्ट, जाने कारण

delhi doon expressway

देहरादून। National Highways Authority of India ने मानसून से पहले सुरक्षा कार्यों को देखते हुए दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। शुक्रवार से 8 जून तक डाटकाली से सहारनपुर की ओर करीब सवा किलोमीटर हिस्से में यातायात प्रभावित रहेगा। इस दौरान वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।

एनएचएआई द्वारा इस हिस्से में पहाड़ी ढलानों को सुरक्षित करने का कार्य कराया जा रहा है। विभाग का कहना है कि बरसात के मौसम में पहाड़ियों से पत्थर गिरने की आशंका बनी रहती है, जिससे यात्रियों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से सुरक्षा कार्य शुरू किए गए हैं।

क्या रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन प्लान?

  • देहरादून से सहारनपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को पुरानी सड़क से होकर भेजा जाएगा।
  • सहारनपुर की ओर से आने वाले वाहनों को एक्सप्रेस-वे की दूसरी लेन पर डायवर्ट किया जाएगा।
  • यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मौके पर 24 घंटे फ्लैगमैन तैनात रहेंगे।
  • एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस की टीमें लगातार निगरानी करेंगी ताकि जाम जैसी स्थिति न बने।

अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यात्रा के दौरान अतिरिक्त समय लेकर चलें। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

दून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच महत्वपूर्ण कनेक्टिविटी प्रदान करता है। ऐसे में इस रूट पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। एनएचएआई का कहना है कि सुरक्षा कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को भविष्य में अधिक सुरक्षित और सुगम सफर मिलेगा।

advertisement at ghamasaana