पिकअप की टक्कर से बाइक सवार कैफे संचालक समेत दो की मौत

shamli news

शामली। कांधला थाना क्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित एलम बाईपास मार्ग पर रविवार की देर शाम तीव्र गति से आ रही पिकअप की टक्कर से बाइक सवार भभीसा गांव के कैफे संचालक अनुज और उसके रिश्तेदार पवनीश की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के समय दोनों ने हेलमेट नहीं लगाए थे।

थाना क्षेत्र के गांव भभीसा निवासी पच्चीस वर्षीय अनुज पुत्र बलबीर अपनी बुआ के बेटे शाहपुर के रहने वाले 32 वर्षीय पवनीश पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी ग्राम चांदपुर थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर के साथ बाइक पर सवार होकर अपनी बहन सोनिया का रिश्ता करने के लिए जनपद बागपत के कस्बा खेकड़ा में गया हुआ था। अनुज भभीसा में ही कैफे चलाता हैं। रविवार की देर शाम बाइक पर सवार दोनों युवक वापस अपने गांव आ रहे थे ।

बाइक सवार जैसे ही क्षेत्र के दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे स्थित एलम बाईपास मार्ग पर पहुंचे तो दोनों बाइक सवार को पिकअप ने अपनी चपेट में ले लिया। बाइक सवार हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया मगर दोनों घायलों ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने घायल दोनों युवकों को मृतक घोषित कर दिया। युवकों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। हादसे के बाद चालक पिकअप को छोड़कर फरार हो गया।

अब कौन करेगा परिवार का पालन पोषण
कांधला। अनुज के चाचा सोहनवीर ने बताया कि अनुज के अलावा परिवार में एक बेटा और बेटी है। जबकि पवनीश खेतों में मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करता है। परिवार के तीन बेटों के अलावा पत्नी सुमन है। पवनीश ही मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था।अब उसकी मौत के बाद परिवार के समक्ष दो वक्त की रोजी रोटी का संकट आन खड़ा हो गया है

advertisement at ghamasaana