मुज़फ्फरनगर में ईंट भट्ठे की दीवार गिरने से दो मजदूरों की मौत, दो घायल

Muzaffarnagar news

मुज़फ्फरनगर। चरथावल-मुज़फ्फरनगर मार्ग पर सिंगलपुर मोड़ के सामने स्थित एक ईंट भट्ठे पर सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कच्ची ईंटों की दीवार गिरने से चार मजदूर दब गए। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, मुथरा गांव निवासी ईश्वर और रोहित अपने परिवार के साथ भट्ठे पर भराई का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कच्ची दीवार भरभरा कर गिर पड़ी और चार मजदूर मलबे में दब गए। मौके पर ही ईश्वर और रोहित की मौत हो गई, जबकि पिंकू और किरण पाल गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद आसपास मौजूद श्रमिकों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

advertisement at ghamasaana