बिजनौर। गांव आलमपुर गावड़ी के निकट बनेली नदी से बह कर आ रही लकड़ियां पकड़ने गया युवक नदी के तेज बहाव में डूब गया ओर धारा के साथ बहकर आगे निकल गया। आठ घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला। उधर रेहड़ क्षेत्र के लालबाग में भी एक युवक धारा नदी में बह रही लकड़ियां निकालने के प्रयास में डूब गया। दोनों युवकों की तलाश में गोताखोर लगे हुए हैं।
अफजलगढ़ क्षेत्र में गांव टांडा वैरागी अपने ससुराल में रह रहा युवक साजिद 36 वर्ष पुत्र अनवर आलमपुर गांवड़ी के समीप नदी में बह कर आ रही लकड़ी पकड़ने के लिए गया था। जब वह नदी से लकड़ी पकड़ कर किनारे की ओर आ रहा था। अचानक से वह नदी की तेज धारा के साथ बहकर डूब गया।
परिजनों ने ग्रामीणो की मदद से युवक को नदी में तलाश करने का प्रयास किया किन्तु दो घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चला है। जिस पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह पुलिस बल सहित मौके पर पहुंचे ओर स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक को आलमपुर गांवड़ी सहित शाहपुरजमाल पुल , भूतपुरी पुल व मनोहरवाली रपटे के समीप तलाश किया लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।
थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह ने बताया कि पीएसी गोताखोरो की टीम बुलाई गई है, जिन्होंनें मोटरबोट की मदद से युवक को डूबने के स्थान से लेकर आलमपुर , शाहपुरजमाल पुल, भूतपुरी व मनोहरवाली रपटे के समीप काफी तलाश किया किन्तु आठ घंटे बीतने के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं लगा है।
युवक नजीबाबाद के किसी गांव का रहने वाला है करीब 15 वर्षो से अपनी ससुराल टांडा वैरागी में रहकर मेहनत मजदूरी करता है। थानाध्यक्ष हम्बीर सिंह ने बताया कि नदी का पानी डैम से बंद करा दिया गया है।
गांव लालबाग निवासी प्यारा सिंह ने बताया उसका पति 45 वर्षीय तारा सिंह मंगलवार की शाम अपने भांजें नवप्रीत सिंह के साथ कल्लूवाला के साप्ताहिक बाजार में खरीदारी करने आया था। वापस जाते समय तारा को गांव के समीप धारा नदी में लकड़ियां बहकर आती दिखाई दी। बताया की नवप्रीत व तारा सिंह शाम को लालबाग के निकट धारा नदी से लकड़िया निकालने चले गए। तभी तारा नदी के तेज बहाव के कारण पानी में बह गया। नवप्रीत के शोर मचाने ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गयें और तारा की खोज करने लगे । लेकिन खराब मौसम व अंधेरे कारण कोई सफलता हासिल नहीं हो सकी।
हादसे की सूचना मिलने पुलिस ने बगीचा सिंह, कुलवंत सिंह, आशा सिंह, विक्रम सिंह आदि ग्रामीणों के साथ बुधवार की सुबह धारा नदी, बैराज क्षेत्र आदि में युवक को ढूंढने का प्रयास किया लेकिन उसका कोई पता नहीं लग सका। इस मौके पर थाना प्रभारी सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज कल्लूवाला विनोद पांडेय सहित पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

