सहारनपुर। साध्वी प्राची के मदरसों को लेकर दिए गए बयान पर उलमा ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होेंने साध्वी को मदरसों में आने का न्योता दिया है। उनका कहना है कि साध्वी यहां आकर देखें कि दीनी इदारों में आतंक की नहीं बल्कि देशभक्ति और भाईचारे का पाठ पढ़ाया जाता है। उलमा का कहना है कि हमारा मुल्क मोहब्बतों से बना हुआ है। यहां नफरत के लिए कोई जगह नहीं है।
मदरसों में पढ़ने वाले छात्र आतंकी बनते है, साध्वी प्राची के इस बयान पर जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम कारी इस्हाक गोरा का कहना है कि हमारा मुल्क मोहब्बतों से बना हुआ मुल्क है। यहां नफरत फैलाने वाले और उनके बयानों के लिए कोई जगह नहीं है। भारत की हमेशा से मोहब्बत और भाईचारे को बढ़ावा देने की मिसाल रही है।
मदरसा जामिया शेखुल हिंद के मोहतमिम मौलाना मुफ्ती असद कासमी का कहना है कि बहन साध्वी प्राची मदरसों में खुद आकर देख सकती हैं कि यहां किस तरह की तालीम दी जाती है। मदरसों ने हमेशा देशभक्ति और भाईचारे का पाठ पढ़ाया है। यहां से तालीम हासिल करने वाले छात्र दुनिया में मोहब्बत का पैगाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि साध्वी प्राची विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहना चाहती हैं। सरकार को चाहिए कि वह बयानों का संज्ञान लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई करे।

