बिहार l गया जिले के अतरी प्रखंड स्थित टेटूआ गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की नातिन सुषमा देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप मृतका के पति रमेश कुमार पर लगा है, जो घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, सुषमा देवी अतरी प्रखंड कार्यालय में विकास मित्र के पद पर कार्यरत थीं, जबकि आरोपी पति रमेश पटना में ट्रक चालक के रूप में काम करता है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे यह घटना हुई, जब रमेश ने घर में ही कथित तौर पर सुषमा को गोली मार दी। घटना के बाद वह देसी कट्टा मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
वारदात के समय मृतका की बहन और बच्चे घर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। गोली की आवाज सुनते ही वे मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने सुषमा को खून से लथपथ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत सुषमा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुषमा और रमेश की 14 वर्ष पहले अंतरजातीय विवाह हुआ था। हालांकि, हाल के वर्षों में उनके बीच संबंध तनावपूर्ण बताए जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच जारी है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
