मेरठ। चंडीगढ़ में करोड़ों की चोरी को मेरठ के खुर्शीद और फरहान ने अंजाम दिया था। चंडीगढ़ पुलिस चार दिन पहले ही खुर्शीद को पकड़कर ले गई थी। खुर्शीद ने ही फरहान का नाम उजागर किया है। तभी शुक्रवार को चंडीगढ़ पुलिस दोबारा से खुर्शीद को साथ लेकर फरहान को पकड़ने पहुंच गई थी।

भगतसिंह मार्केट में फरहान को पकड़ने पहुंची चंडीगढ़ पुलिस को घेरकर व्यापारियों ने वसूली का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मामले की शिकायत एसएसपी प्रभाकर चौधरी से की गई। तभी सीओ अरविंद चौरसिया को जाच के लिए भेजा गया।
सीओ अरविंद चौरसिया का कहना है कि खुर्शीद और फरहान ने करोड़ों की ज्वैलरी चोरी कर मेरठ के कई सर्राफ को बेची है। ज्वैलरी बरामदगी के लिए चंडीगढ़ पुलिस सर्राफ पर दबाव बना रही थी। ज्वैलरी तो पुलिस को मिली नहीं। पुलिस उसकी एवज में सर्राफ से रकम वसूली का प्रयास कर रही थी। ताकि ज्वैलरी खरीदकर बदमाशों से बरामदगी दिखा सके।
इसी का आरोप व्यापारियों ने चंडीगढ़ पुलिस पर लगाया था। हालाकि किसी भी व्यापारी ने पुलिस को कोई रकम नहीं दी है। जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस खुर्शीद और फरहान को अपने साथ लेकर पंजाब लौट गई। माना जा रहा है कि दोबारा से पुलिस ज्वैलरी बरामद करने के लिए आएगी।

