नई दिल्ली। फ़िल्म अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने छत्तीसगढ़ की घटना पर तीखी टिप्पणी दी है। छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव में शुक्रवार को दुर्गा विसर्जन करने जा रहे श्रद्धालुओं को एक कार ने कुचल दिया जिसमें चार लोगों की जान चली गई और बीस लोग घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार में भारी मात्रा में गांजा भरा हुआ था। इधर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बताया है कि दोनों गांजा तस्कर हैं।
इस मामले को लेकर बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर ने तंज़ किया है। उन्होंने ड्रग्स केस में जेल में बंद शाहरुख़ खान के बेटे आर्यन खान का नाम लेते हुए इस घटना पर टिप्पणी की है।
स्वरा भास्कर ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए एक ट्वीट में छत्तीसगढ़ की खबर को रीट्वीट करते हुए लिखा, ‘लेकिन आर्यन खान असली समस्या हैं।’ स्वरा भास्कर के इस तंज़ पर ट्विटर यूजर्स भी अपनी राय दे रहे हैं।
शीबा समर नाम की एक यूजर ने स्वरा भास्कर को जवाब दिया, ‘इस देश में जहां हर साधु अफीम, चरस, गांजा का सेवन करता है, उन्हें कभी गिरफ्तार नहीं किया जाता और न ही उन्हें जेल होती है। बल्कि उन्हें और आदर ही दिया जाता है। एनसीबी उन पर नज़र नहीं रखती। फिर आर्यन खान पर क्यों?’

