शामली में लकड़ी ठेकेदार की सरेशाम गोली मारकर हत्या

शामली। कांधला कस्बे में रेलवे रोड पर भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष आवास के पास लकड़ी के ठेकेदार की सरेशाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद बाइक सवार दो बदमाश हवा में हथियार लहराते हुए भाग गए । परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर हंगामा किया।


पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारों का सुराग तलाश करने में जुटी है। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पूर्व ही बाग काटने को लेकर ठेकेदार को जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी शिकायत थाने में भी की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस मामले में जमीन को लेकर पुराना विवाद भी सामने आ रहा है।

हंगामा करते लकड़ी ठेकेदार के परिजन।


कस्बे के मोहल्ला मिर्दगान निवासी 42 वर्षीय अमजद लकड़ी ठेकेदार थे। रविवार की रात्रि में करीब 9:30 बजे वह किसी कार्य के लिए अपनी बाइक से कैराना बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके नजदीक जाकर हथियार सटाकर पेट में गोली मार दी। इसके बाद अमजद बाइक समेत गिर गए।

आरोपी बस स्टैंड की तरफ भाग गए। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। गंभीर अवस्था में अमजद को सीएचसी ले जाया गया। वहां से उसे हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। इसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर जमकर हंगामा काटा।

advertisement at ghamasaana