बुलंदशहर। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शुक्रवार को एडीजे 12 के न्यायालय में समर्पण कर चिंगरावठी कांड का आरोपी व जिला पंचायत सदस्य योगेश राज जेल चला गया। वहां से वह चुनाव लड़ने की तैयारी में है। क्योंकि क्षेत्र में एक पोस्टर चस्पा है जिसमें मकर संक्रांति और गणतंत्र दिवस पर लोगों को बधाई दी है। उसमें योगेश को भावी प्रत्याशी स्याना विधानसभा लिखा है।
योगेश के जेल जाने के बाद से उसके समर्थकों व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में रोष है। इसी के चलते शनिवार को योगेश के समर्थकों व प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने योगेश राज के आवास पर पहुंचकर उसके परिजनों को अपना समर्थन दिया।
साथ ही जेल जाने से पूर्व योगेश द्वारा जेल जाने से पूर्व स्याना विधायक पर लगाए गए आरोपों के संबंध में विधायक देवेंद्र सिंह लोधी का पुतला भी फूंका। प्रधान संगठन के अध्यक्ष सत्येंद्र का कहना है कि योगेश के जेल जाते ही स्थानीय नेताओं ने व जनप्रतिनिधियों ने उसके त्याग को भुला दिया है। यही नहीं लोगों ने भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में देवेंद्र सिंह लोधी को टिकट मिलने पर उनका विरोध करने की भी चेतावनी दे दी है।

