लखनऊ। योगी सरकार 2 0 का शपथ ग्रहण संभवतः 23 या 24 मार्च को हो सकता है। वहीं पिछले दिनों दिल्ली में मंत्रिमंडल को लेकर नाम तय कर लिए गए है। इस मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री तो रहेंगे ही, 20 नए नामों को भी मंजूरी दी गई है। कार्यवाहक उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की कुर्सी बरकरार रहने की पूरी उम्मीद है। वहीं डॉ दिनेश शर्मा की भूमिका को बदला जा सकता है। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम योगी आदित्यनाथ, संगठन महामंत्री बीएल संतोष, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव, जितिन प्र सिंह व उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में हुई उच्चस्तरीय बैठक में विधान परिषद चुनाव में पार्टी के 36 उम्मीदवारों की सूची पर भी मुहर लगाई गई। पार्टी पदाधिकारियों संग कार्यकर्ताओं को भी चुनाव लड़ाया जाएगा। ?
वहीं पार्टी सूत्रों के मुताबिक योगी मंत्रिमंडल के पहले चरण में शामिल होने वाले सदस्यों के नाम पर भी सैद्धांतिक सहमति हो गई है। मंत्रिमंडल में पीएम नरेंद्र मोदी के सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास और सबका प्रयास की झलक देखने को मिलेगी।

बसपा के समर्पित मतदाताओं के भाजपा के समर्थन में आने को देखते हुए पार्टी इस वोट बैंक में अपना आधार और बड़ा करना चाहती है। ऐसे में नई सरकार में जाटव बिरादरी से किसी को या तो डिप्टी सीएम बनाया जाएगा या विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाएगी। इस बार के चुनाव में 11 मंत्री हार गए, जबकि चार पहले ही सपा में चले गए। इसके अलावा करीब आधा दर्जन अन्य मंत्रियों के काम से पार्टी नेतृत्व संतुष्ट नहीं है। इनकी जगह नए चेहरे लाने की भी तैयारी है।
नई टीम में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को भी मंत्री बनाया जा सकता है। पुराने मंत्रियों में सिद्धार्थ नाथ सिंह, ब्रजेश पाठक, सूर्य प्रताप शाही, नंदगोपाल नंदी, रामपाल वर्मा, आशुतोष टंडन, मोहसिन रजा, अनिल राजभर और संदीप सिंह के नाम हैं। पूर्व आईपीएस असीम अरुण, राजेश्वर सिंह, जितिन प्रसाद, एके शर्मा, बेबी रानी मौर्य, अंजुला माहौर, प्रतिभा शुक्ला को भी मंत्री बनाया जाना तय माना जा रहा है।
21 मार्च को विधान परिषद चुनाव के नामांकन का अंतिम दिन है। लिहाजा 22 को विधायक दल की बैठक हो सकती है। ऐसे में 23 या 24 को योगी सरकार.2 का शपथ ग्रहण समारोह हो सकता है। अपना दल को एक कैबिनेट.एक राज्यमंत्री व निषाद पार्टी को एक कैबिनेट मंत्री का पद मिल सकता है।

