बिजनौर । ऐसी घटनाएं अब आम होती जा रही हैं जिसमें युवकों की हार्ट अटैक से मौत हो रही हैं। कई मामले तो ऐसे आए हैं, जिसमें किशोर तक की खेलते समय ही अचानक हार्टअटैक से मौत हो गई है। ताजा मामला अब बिजनौर जिले का है। यहां ग्राम सीरबासुचंद में जिम करके घर आए एक युवक की हृदयगति रुक जाने से मृत्यु हो गई । जिससे परिजनो में कोहराम मचा है। मृतक के भाई के साउथ अफ्रीका से घर पहुंचने पर अन्तिम संस्कार होगा।
ग्राम सीरबासुचंद निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ कालू 27 वर्ष पुत्र रणवीर सिंह गत शाम लगभग 8 बजे जिम करके घर आया और फिर बाजार टहलने चला गया। मृतक के चाचा जितेन्द्र कुमार ने बताया कि बाजार से टहलने के बाद उसने दूध पिया और उसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई उसे चिकित्सक के पास लेकर गए, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। अचानक हुई मृत्यु से घर मे कोहराम मच गया। उन्होंने बताया कि 8 माह पूर्व उत्तराखंड के जसपुर के ग्राम वीरपुरी से शादी हुई थी।
देवेंद्र दो भाई थे एक भाई ठाकुर सिंह उर्फ रिंकू दक्षिण अफ्रीका में कार्य करता है, जबकि मृतक देवेंद्र सिंह खेती का काम करता था। रिंकू के साउथ अफ्रीका से आने के बाद ही मृतक देवेंद्र सिंह का अन्तिम संस्कार किया जाएगा। जवान बच्चों व युवाओं की हृदयगति रुकने से हो रही मौतो से लोगों मे भय व्याप्त है। लोग इसे कोविड के टीके से भी जोड़ कर देख रहें हैं। जबकि कोई चिकित्सक इस पर कोई टिप्पणी करने को तैयार नहीं है।

