रुद्रप्रयाग। सरकारी व अशासकीय मान्यता प्राप्त स्कूलों में पढऩे वाले कक्षा एक से आठवीं तक के 22506 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं को नए शिक्षण सत्र में शिक्षा विभाग योजना के तहत नि:शुल्क जूते व बैग देगा। इसके लिए छात्र-छात्राओं के अभिभावकों में धनराशि जमा की जाएगी। इस योजना ने स्कूलों में पढ़ रहे हजारों गरीब बच्चों को लाभ मिलेगा।
सरकारी स्कूलों में मीड-डे-मील योजना के बाद अब विभाग छात्र संख्या को बढ़ाने देने के लिए कक्षा 1 से 8वीं तक के छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग और एक जोड़ी जूते दिए जा रहे हैं। प्रारंभिक चरण में यह लाभ उन्हीं छात्रों को दिया जा रहा है, जिनके वर्तमान शिक्षण सत्र में खाते नहीं खुल पाए थे। जबकि नए शिक्षण सत्र में सभी पंजीकृत छात्र-छात्राओं को जूते व बैग दिए जाएंगे।
जनपद रुद्रप्रयाग में कक्षा 1 से 8वीं तक के कुल 22506 छात्र-छात्राओं को बैग और जूते दिए जाने हैं, जिसमें सरकारी स्कूलों के प्राथमिक वर्ग के 12795, जूनियर वर्ग के 7943 और अशासकीय मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रावि व जूनियर वर्ग के 1768 छात्र-छात्राएं शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार शिक्षा विभाग डीबीटी (डायरेक्ट वेनीफिट ट्रांसफर) के तहत छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खाते में धनराशि जमा की जाएगी।
इसके लिए विभागीय स्तर पर सूची निदेशालय को भेज दी गई है। इधर, मुख्य शिक्षाधिकारी यशवंत सिंह चौधरी ने बताया कि योजना से लाभांवित होने वाले बच्चों की ब्लॉकवार सूची निदेशालय को भेज दी गई है।

