मुजफ्फरनगर। दो परिवारों के 26 सदस्यों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म स्वीकार कर लिया। अब उनके नाम भी बदल गए। जैसे नाजमा नाम बदलकर शारदा बन गई। वहीं असगर महेंद्र बन गया।
तितावी क्षेत्र के गांव बघरा स्थित योग साधना यशवीर आश्रम में सोमवार को शुद्धि यज्ञ का आयोजन किया गया। आश्रम के स्वामी यशवीर महाराज ने बताया कि इस शुद्धि यज्ञ में जनपद सहारनपुर के दो मुस्लिम परिवारों के 26 सदस्यों की शुद्धि कराते हुए उनकी पुनः हिंदू धर्म में वापसी कराई गई। इसके लिए सभी लोगों को गंगाजल से आचमन कराने के बाद यज्ञ हवन में आहुति दिलाकर हिंदू धर्म की दीक्षा दिलाई गई। सभी को जनेऊ धारण कराते हुए उनके नए हिंदू नाम भी रखे गए।
स्वामी यशवीर महाराज ने बताया कि सहारनपुर के रहने वाले दोनों परिवारों ने कुछ लोगों के दबाव में मुस्लिम धर्म स्वीकार कर लिया था। वहां उनके आधार कार्ड भी बनवा दिए थे। अब भाजपा सरकार आने के बाद उनके हृदय परिवर्तन हुए और उन्होंने पुनः हिंदू धर्म अपनाने की इच्छा जाहिर की थी। इसके चलते सोमवार को यशवीर आश्रम में सभी की शुद्धि कराकर उन्हें पुनः हिंदू धर्म में वापसी कराई गई है।
इस तरह से बदले गए नाम
स्वामी यशवीर महाराज ने बताया कि पुनः हिंदू धर्म में आस्था जताने वाले मुस्लिमों के नाम भी बदल दिए गए हैं। इनमें असगर का महेंद्र, नाजमा का शारदा, आरिफ का सिद्धार्थ, गुलफ्शां का सोनिया, सगीर का अभय, अमजद का आरुष, समीना का साक्षी, इयाना का सोनाक्षी, सलीम का अजय, अकीला का सुशीला, समीर का अनिल, बिल्लाद का अनिरुद्ध, शाहिस्ता का सुनीता, इमराना का अनीता, जस्मीन का वंदना, आलिया का पूजा, इलिना का प्रतिभा, अख्तर का प्रदीप, शाहिस्ता का सपना, इराना का सविता, नाजरीन का जया, नसीरन का प्रीति, गुलफ्शां का सुमन, शकीनी का कविता, अहमद का कृष्णा और नदीम का कुलदीप के रूप में नामकरण किया गया है।
