आठ करोड़ की प्रतिबंधित लकड़ी के साथ 6 गिरफ्तार, चीन करते थे सप्लाई

saharanpur news

सहारनपुर। नगर कोतवाली पुलिस, हिमाचल पुलिस और वन विभाग की टीम ने एक गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रतिबंधित मैपल पेड़ की लकड़ी के बर्तन बनाकर अवैध रूप से चीन सप्लाई कर रहे थे। आरोपियों के पास से करीब आठ करोड़ की लकड़ी, 7.22 लाख के भारतीय और 55 हजार रुपये के नेपाल की नकदी बरामद हुई है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जनपद हिमाचल के जनपद चंबा से वन विभाग और पुलिस टीम सहारनपुर की नगर कोतवाली पहुंची। टीम में वन विभाग के अधिकारी कृतज्ञा कुमार, मनोज कुमार, सुरेश कुमार सिल्ला, गौरव कुमार शामिल थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र से प्रतिबंधित लकड़ी सप्लाई हो रही है। इसका पता लगते ही नगर कोतवाली, हिमाचल पुलिस और वन विभाग की टीम ने मछली बाजार में एक गोदाम पर दबिश दी, जहां से मैपल पेड़ की लकड़ी के 1300 पीस बरामद हुए हैं।

वन विभाग की टीम पूर्व में पकड़े गए तस्करों को साथ लेकर आई थी। इनकी निशानदेही पर कार्रवाई की गई। इन सभी की निशानदेही पर पुलिस ने फूंजोक तमांग निवासी पेता लांबा, लोकबहादुर, चिराग, फुनजूक, पामा निवासीगण ग्राम हेपक जनपद हुम्ला राज्य कर्णाली नेपाल को गिरफ्तार किया। आरोपी हाल ही में घंटाघर के निकट किराए पर रह रहे थे। आरोपियों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि वह काफी समय से प्रतिबंधित लकड़ी की तस्करी कर रहे थे। मैपल पेड़ लकड़ी के बर्तन बनाकर तिब्बत और नेपाल के रास्ते चीन सप्लाई करते थे। आरोपियों के पास से 7.22 लाख के भारतीय नोट और 55 हजार के नेपाल के नकदी बरामद हुई है। मौके से लकड़ी के 1300 पीस मिले हैं।

सहारनपुर के कारीगरों से बर्तन कराते थे तैयारआरोपियों ने सहारनपुर के लकड़ी के कारीगरों को नौकरी पर रखा था, जिनके जरिए यह बर्तन तैयार कराकर चीन सप्लाई करते थे। आरोपियों के बर्तन लाखों रुपये में बिकते थे। जांच में सामने आया कि चीन, तिब्बत और नेपाल में इस लकड़ी के बर्तनों की अधिक मांग है। आरोपियाें ने गोदाम किराए पर ले रखा था।

मैपल पेड़ की लकड़ी की होती है पूजा
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि चीन में मैपल पेड़ की लकड़ी की पूजा होती है। इसलिए वहां के लोग महंगे दामों भी लकड़ी और बर्तन खरीदते थे। आरोपी हिमाचल से प्रतिबंधित लकड़ी लेकर सहारनपुर आते थे। यहां बर्तन बनाकर सप्लाई करते थे।

advertisement at ghamasaana