देहरादून। बीते कुछ साल से प्री-वेडिंग शूट का चलन तेजी से बढ़ा है। इसके लिए देहरादून से 18 किमी दूर कालका नदी पर बना ब्रिज प्री-वेडिंग शूट के लिए इस समय के कपल की पसंदीदा जगह है।
खास बात यह है कि नदी, पहाड़, झरनों के बीच बसी यह जगह प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है, जिस कारण यहां बनावटी डेकोरेशन की जरूरत ही नहीं पड़ती। प्री-वेडिंग शूट के लिए जहां कपल को काफी पैसा खर्च करना पड़ता है, वहीं देहरादून के पास मालदेवता की इस लोकेशन पर प्री-वेडिंग शूट के लिए कपल को कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ता।
ब्रिटिश काल के समय कालका नदी पर यह ब्रिज बना है। इसी पुल पर कपल प्री-वेडिंग शूट करा रहे हैं। चारों तरफ हरियाली, नदी, झरने के होने से यह स्थान बेहद खूबसूरत है। इसलिए अलग से डेकोरेशन की जरूरत भी नहीं पड़ती। बीते कुछ समय से वीडियो एल्बम, फिल्मों की शूटिंग होने से यह जगह लाइमलाइट में आई।
आमतौर पर यहां युवा सैर-सपाटे के लिए आते हैं। प्री-वेडिंग शूट को लेकर आज के समय में युवा-युवतियां काफी उत्साहित होते हैं, लेकिन कई बार उन्हें बजट का ध्यान रखना पड़ता है। ऐसे में उनके पास यह एक बेहतर विकल्प है। अंग्रेजों के समय में कालका नदी पर बने इस ब्रिज में उड़द की दाल और चूने का इस्तेमाल किया गया है। स्थानीय जय सिंह पंवार ने बताया कि यह इस पुल पर प्री वेडिंग शूट के लिए कपल के आने से पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ गई है। यहां पर्यटक जिस जगह भी नजर घुमाएगा वह खुद को प्रकृति के करीब पाएगा। इसके लिए उसे कोई पैसा नहीं देना है। यहां काफी संख्या में कपल यहां प्री-वेडिंग शूट के लिए आते हैं।

