सहारनपुर में आंधी, बारिश से भीषण तबाही, महिला की मौत, सैकड़ों वाहन क्षतिग्रस्‍त

saharanpur news

सहारनपुर । बृहस्पतिवार रात आई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने पूरे जिले में भीषण तबाही मचाई। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी क्षेत्र में शिवालिक पहाड़ियों पर हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक बाढ़ आ गई, जिससे श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। तेज पानी के बहाव में कई ट्रैक्टर-ट्रॉली, बाइक और अन्य वाहन बह गए। हादसे में एक महिला की पानी में बहने से मौत हो गई। काफी तलाश के बाद महिला का शव भूरादेव मंदिर के पास लगभग एक किलोमीटर दूर मिला। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार विजय कुमार, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह और कोतवाली प्रभारी सूबे सिंह ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास न जाने की अपील की है।

वहीं रामपुर मनिहारान क्षेत्र में देर रात आए तेज तूफान से देवबंद रोड पर दो बड़े पेड़ गिर गए, जिससे छह बिजली पोल और लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। नई तहसील परिसर में कई वकीलों के चेंबरों की छतें उड़ गईं और सामान को नुकसान पहुंचा। छुटमलपुर और आसपास के दो दर्जन गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। बिजली विभाग की टीमें लाइनों को दुरुस्त करने में जुटी हैं।

आंधी और बारिश से आम और लीची के बागों में भी भारी नुकसान हुआ है, जिससे बाग ठेकेदारों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।

advertisement at ghamasaana