बागपत में तेंदुए से भिड़ गया किसान, डंडे से मारकर उसे भगा दिया

bagpat news
0 0

बागपत। गन्ने के खेत की सिंचाई करने गए किसान पर तेंदुए ने हमला कर दिया। पहले तो किसान डर गया, लेकिन जब जान पर बन आई तो किसान उससे भिड़ गया। इसके बाद किसान की हिम्मत के आगे तेंदुआ पस्त हो गया और वहां से दुम दबाकर भाग गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई।

मामला निरपुड़ा गांव का है। वहां के एक किसान ब्रजवीर उर्फ लाला सुबह अपने खेत में गन्ने की फसल की सिंचाई करने गया था। उसी दौरान ईख के खेत से एक तेंदुआ निकल आया और उसने किसान पर हमला कर दिया। यह देख किसान के होश उड़ गए। वह वहां से बचकर भागने लगा। कुछ दूर जाकर देखा तो उसे लगा कि अब तेंदुआ उसे छोड़ेगा नहीं। उसका बच पाना मुश्किल होगा। इसके बाद वह तेंदुए से भिड़ गया। उसके हाथ में एक डंडा था।

उसने डंडे से तेंदुए पर हमला कर दिया। उसने ताबड़तोड़ उस पर वार करने लगा। मुंह में एक के बाद एक कई डंडे लगने से तेंदुआ पस्त हो गया और वह वहां से गन्ने के खेतों के रास्ते भाग गया। इससे किसान की जान बच गई। इसके बाद उसने वन विभाग और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले की जानकारी मिलते ही वन कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। तेंदुए की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। किसानों ने जंगल में पिंजरा लगाकर तेंदुआ पकड़वाने की मांग की।

advertisement at ghamasaana