मेरठ। शहर में मंगलवार को स्कूली बच्चों से भरा एक टैंपो पलट गया। इस दुर्घटना में एक बच्चे की मौत हो गई जबकि कई अन्य छात्र घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचवाया। पुलिस ने मृत बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शहर के गुरु तेग बहादुर स्कूल के पास हुआ। स्कूली बच्चों से भरा टैंपो सड़क पर अचानक पलट गया। हादसे में मारे गए बच्चे का नाम अगस्त भारद्वाज था। उसके पिता का नाम कौशल भारद्वाज है।
अगस्त थाना टीपीनगर स्थित न्यू देवपुरी का रहने वाला था। वह दीवान स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। टेम्पो में सवार अन्य घायल बच्चों को केएमसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

