मेरठ मे युवक की हत्या कर शव फेंका, पुलिस जांच में जुटीं

meerut news

मेरठ l हस्तिनापुर में मंगलवार सुबह हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। कस्बे की प्रभात नगर कॉलोनी में एक अज्ञात युवक का शव गली में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

शव कस्बे के उधम सिंह चौक के पास मुख्य मार्ग से सटी एक गली में पाया गया। सुबह करीब पांच बजे स्थानीय निवासियों ने पहले इसे किसी नशे में पड़े व्यक्ति का मामला समझा, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई, तो पुलिस को बुलाया गया।

थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और मृतक के पास मिली वस्तुओं को कब्जे में लिया। हालांकि अब तक शव की पहचान नहीं हो सकी है और यह स्पष्ट नहीं हुआ कि युवक की हत्या कहां की गई और शव यहां क्यों लाकर फेंका गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जानकारी पुलिस के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। स्थानीय पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और मृतक की पहचान व हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि ऐसी वारदात उनके शांत क्षेत्र में कैसे हुई। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हत्या का कारण और मृतक की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए सभी संभावित पहलुओं पर काम कर रही है।

advertisement at ghamasaana