रामपुर । सपा नेता आजम खां की मुश्किलें कम होती नजर नहीं आ रहीं हैं। इतना ही नहीं इसका खामियाजा उनके करीबियों को भी भुगतना पड़ रहा है। इस बार आजम के करीबी पूर्व सपा जिलाध्यक्ष दीदार सिंह साबी के होटल पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। हालांकि दीदार सिंह का आरोप है कि स्टे के बावजूद प्रशासन ने होटल तोड़ने की कार्रवाई की है। प्रशासन ने इसी महीने उनके कब्जे से जमीन मुक्त कराई थी और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर भूमाफिया घोषित किया था।
एसडीएम मयंक गोस्वामी के नेतृत्व में बनी टीम ने मंगलवार को नैनीताल रोड के किनारे कई जगह अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलवाया। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के होटल को भी ध्वस्त कर दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष के कौशल गंज के पास अपना पंजाब के नाम से बने इस होटल को प्रशासन अवैध बता रहा है, जिसकी वजह से उसपर कार्रवाई की गई। पूर्व जिलाध्यक्ष भी सूचना मिलते ही समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए।
लेकिन, तब तक प्रशासनिक अधिकारी मौके से जा चुके थे। एसडीएम ने बताया कि हाईवे की जद में आई भूमि का मुआवजा मिलने के बावजूद कुछ लोग भूमि को कब्ज़ा मुक्त करने के लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने भूमि पर अवैध कब्जा कर रखा था, जिसकी वजह से यह कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई को पूर्व जिलाध्यक्ष ने राजनीति से प्रेरित, लोकतंत्र का अपमान तथा कानूनों का उल्लंघन बताया है।

