बागपत। बडौत नगर की कृष्णा नगर कालोनी में एडीओ पंचायत के निजी चालक की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना के बाद से उसका साथी उसके कमरे से फरार है। युवक एडीओ पंचायत पिलाना का निजी चालक था।

फैजपुर निनाना गांव के रहने वाले 40 वर्षीय कमलराम बड़ौत के कृष्णा नगर में संजू के मकान में किराए पर कमरा लेकर रहते थे जबकि उनकी पत्नी दो बच्चों के साथ दिल्ली रहती है। कमलराम के साथ दिल्ली का रहने वाला उनका साथी भी लगभग एक पखवाड़े से रह रहा था और नगर में फलों की ठेली लगाता था।

कमलराम के भतीजे सन्नी ने बताया कि वह भी कृष्णा नगर के पास लक्ष्मी नगर में रहते है। सुबह उनके पास उनके चाचा के पड़ोसी ने फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसने 112 डायल को फोन किया, लेकिन फोन नहीं मिला तो वह परिजनो के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे में कमलराम का शव पड़ा हुआ था। कमरे से उनका साथी फरार था।

कोतवाल एमएस गिल ने बताया कि शव को बरामद कर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। कमलराम की गला रेतकर हत्या की गई है। घटना की जांच शुरू कर दी है। कमलराम की पत्नी को घटना की जानकारी दी गई है। शक के आधार पर कमलराम के साथी की तलाश की जा रही है। कमलराम एडीओ पंचायत खेकड़ा और पिलाना ब्लाक का निजी चालक था।