मेरठ। अवैध रूप से वाहनों की चोरी और कटान के मामले में पुलिस का कार्रवाई अभियान अभी जारी है। करोड़ों की संपत्ति जुटाने वाले हाजी ग़ल्ला के बाद अब शातिर कबाड़ी आदिल के घर को कुर्क कर लिया गया है। यहां से करीब 25 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
थाना सादर बाजार और रेलवे रोड थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से शुक्रवार को यह कार्रवाई सोतीगंज में पहुंचकर की। भारी पुलिस बल के बावजूद परिवार की महिलाओं ने कड़ा विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन कुर्की का काम जारी रहा।
दरअसल, पुलिस ने दो वाहन चोर दबोचे थे। इन्होने बताया था कि वाहन चोरी करने के बाद इन वाहनों की आगे की डील आदिल संभालता था। यह पता चलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्त में लेने के लिए सोतीगंज से लेकर अन्य ठिकानों पर दबिश दी मगर आदिल हाथ नहीं आया।
इसके बाद ही पुलिस टीम ने मुनादी कर चेतावनी दी थी कि यदि आदिल खुद को पुलिस के हवाले नहीं करता है तो सामान सहित उसके घर को कुर्क कर लिया जाएगा। इसी के चलते एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आदेश पर पुलिस टीम ने यहां पर कार्रवाई की।

