मेरठ । शादी करने की जिद पर अड़ी प्रेमिका की प्रेमी ने हत्या कर शव गंगा में फेंक दिया। पुलिस ने प्रेमी रोहित और उसके दोस्त सौरभ व राहुल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। बुधवार को दिनभर पुलिस व पीएसी ने हस्तिनापुर स्थित भीमकुंड गंगा में सर्च अभियान चलाया, लेकिन शव बरामद नहीं हुआ।
हस्तिनापुर थानाक्षेत्र के सैफपुर कर्मचंदपुर गांव की युवती कंचन शर्मा (22) पुत्री हरिशंकर शर्मा छह दिसंबर को घर से गई थी, लेकिन नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हस्तिनापुर कस्बा निवासी परचून दुकानदार रोहित व उसके दो दोस्त सौरभ और राहुल को बुधवार को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों ने कंचन की हत्या कर भीमकुंड गंगा पुल से फेंकना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक रोहित ने बताया कि कंचन शादी करने का दबाव बना रही थी, जिसके चलते उसने दोस्तों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। तीनों आरोपी शुरुआत में पुलिस को गुमराह करते रहे। कभी शव को जलाने तो कभी खेत में होने की बात करते रहे।
एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि पुलिस व एसओजी टीम दिनभर हस्तिनापुर में जांच करने में लगी थी। आरोपियों को बृहस्पतिवार को कोर्ट में पेश करेंगे। अभी अपहरण की धारा लगाई है। । शव बरामद होने पर हत्या की धारा बढ़ाएंगे। बृहस्पतिवार को भी सर्च अभियान चलेगा।

