आगरा–लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा: 3 की मौत, 50 से अधिक घायल

lucknow agra exressway accident news

Agra Lucknow Expressway Accident इटावा, उत्तर प्रदेश। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक और बड़ा हादसा सामने आया है, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 50 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। यह दुर्घटना तड़के सुबह करीब 4 बजे इटावा जिले के हवेलिया गांव के पास किलोमीटर 103 पर हुई। हादसे में दरभंगा (बिहार) से नई दिल्ली जा रही एक स्लीपर बस रेलिंग तोड़कर सर्विस लेन में जा गिरी।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि बस में कुल 60 यात्री सवार थे। बस के चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे वह एक्सप्रेसवे की रेलिंग को तोड़ती हुई सर्विस लेन में गिर गई। यह घटना फूड प्लाजा के थोड़ी दूर पर हुई। जैसे ही बस गिरी, मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे वाहनों ने रुककर तत्काल राहत देने की कोशिश की और पुलिस को सूचना दी।

मृतकों में कौन-कौन शामिल?

अब तक की जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई है। मृतकों में एक 15 साल की किशोरी, एक 50 वर्षीय पुरुष, और एक अन्य प्रौढ़ व्यक्ति शामिल हैं जिसकी अभी पहचान नहीं हो सकी है।

घायलों का इलाज जारी

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, यूपी एक्सप्रेसवे इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPEIDA) की टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। सभी घायलों को इटावा और सैफई के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि दुर्घटना से संबंधित अफवाहें न फैलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

advertisement at ghamasaana