सहारनपुर। शराब पीने पर नसीहत करना वृद्व को भारी पड़ गया। उसके ही हमनाम अधेड़ ने लोहे की राड से हमला कर वृद्व को मौत के घाट उतार दिया। वृद्व की हत्या से उसके परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम पर भेज दिया। हत्यारोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
तीतरों कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम कलसी में मांगा 50 पुत्र कदम को उसके पडोसी मांगा 60 पुत्र यशपाल ने शराब पीने पर नसीहत कर दी थी। इस बात को लेकर रविवार की शाम दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस वक्त तो पडौसियों ने दोनों के बीच बीच बचाव करा दिया लेकिन रात साढे़ आठ बजे फिर से दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। इसमें मांगा पुत्र कदम ने मांगा पुत्र यशपाल पर लोहे की राड से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से मांगा पुत्र यशपाल की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। किसी ने पुलिस को भी खबर कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। जबकि हत्यारोपी को भी गांव से ही पकड़ लिया गया। मामूली सी बात पर वृद्व की हत्या को लेकर ग्रामीण स्तब्ध हैं। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजन तहरीर दे रहे हैं। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। हत्यारोपी को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

