गोंडा। जिले में हत्या की वारदात बढ़ती जा रही है। बीते 24 घंटे के भीतर एक और हत्या होने से सनसनी फैल गई है। गुरुवार को नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा गांव में एक झोलाछाप चिकित्सक की सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। अभी एक दिन पहले ही इसी क्षेत्र में बुधवार को उमरीबेगमगंज के डिक्सिर गांव में हत्या हुई थी।
चौबीस घंटों में इस दूसरी वारदात से जिले में दहशत का माहौल है। अप्रशिक्षित चिकित्सक की हत्या से पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। चिकित्सक का शव उसके बिस्तर से करीब 10 मीटर दूर पड़ा मिला। सुचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर डाग स्क्वायड व फारहेंसिक टीम के साथ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी पहुंच कर मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।

फाइल फोटो
बहराइच जिले के जरवल रोड निवासी राजेश चौहान 32 नवाबगंज थाना क्षेत्र के जैतपुर माझा गांव में अपनी पत्नी व बच्चों के साथ ससुराल में रहता था। ससुराल के बगल ही वह एक किराए के मकान में मेडिकल स्टोर व क्लीनिक चला रहा था। बुधवार की रात वह अपनी क्लीनिक पर ही सो रहा था। आधी रात के बाद अज्ञात हमलावरों ने धावा बोल दिया और गंड़ासे से उसका गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया।
मृतक राजेश की उंगलियों पर घाव के निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि वारदात के पहले हत्यारों व राजेश के बीच हाथापाई भी हुई होगी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ तरबगंज संसार सिंह राठी का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
