डेंगू से जिंदगी हार गया सेना का जवान, करवाचौथ के लिए छुट्टी लेकर घर आया था

मेरठ। करीब आठ साल से सेना में देश की सरहदों पर डटे चिंदौड़ी के जवान राजदीप (28) डेंगू से हार गए। राजदीप ने 14 अक्तूबर को छुट्टी पर घर आने से पहले पत्नी नीतू से करवाचौथ पर साथ रहने का वादा किया था। नीतू ने पति की दीर्घायु के निर्जला व्रत रखा था। पति का शव देख नीतू बेहोश हो गई।

पुलिस ने जवान के पार्थिव शरीर का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम सेना ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम विदाई दी। राजदीप की तैनाती फरीदकोट पंजाब में थी। चार दिन पहले वह बुखार की चपेट में आ गए। परिजनों ने बताया कि जांच में डेंगू की पुष्टि हुई। तबीयत बिगड़ने पर मोदीपुरम के एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान रविवार सुबह उनकी मौत हो गई। दादी जोना देवी, मां संतलेश, पत्नी नीतू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों को रोता देख ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। राजदीप के दो बेटे आरव व आर्य हैं। देर शाम जवान का पार्थिव शरीर गांव लाया गया।

राजदीप की अंतिम विदाई में पूरा गांव उमड़ पड़ा। सेना के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। विधायक संगीत सोम, रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल देव, भूरा चिंदौड़ी और संजय पनवाड़ी आदि ने भी श्मशान पहुंचकर जवान को श्रद्धांजलि दी। राजदीप को एंटीजन कार्ड से डेंगू की पुष्टि हुई है।

advertisement at ghamasaana