Muzaffarnagr news : होटल कर्मचारी की पैंट उतरवाकर पहचान जांचने की कोशिश, वीडियो वायरल

muzaffarnagar news

मुज़फ्फरनगर l जिले में कांवड़ मार्ग स्थित एक होटल में बुधवार को उस समय बड़ा हड़कंप मच गया, जब होटल में काम कर रहे एक युवक से कथित तौर पर जबरन उसकी पैंट उतरवाकर पहचान की जांच करने की कोशिश की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आया है।

मिली जानकारी के अनुसार, स्वामी यशवीर के समर्थकों की टीम होटल में पहुंची और वहां काम कर रहे युवक गोपाल से आधार कार्ड दिखाने की मांग की। जब युवक ने तुरंत दस्तावेज़ नहीं दिखाया तो आरोप है कि टीम ने उसकी पैंट उतरवाकर पहचान जांचने की कोशिश की। इस दौरान होटल में अफरातफरी मच गई और अन्य कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। युवक ने बताया कि उसने अपना नाम गोपाल बताया, बावजूद इसके जबरदस्ती की गई।

युवक का कहना है कि यह पूरी कार्रवाई अपमानजनक और गैरकानूनी है। उसने शिकायत दर्ज कराने की बात भी कही है।

इधर, होटल मालिकों और स्थानीय लोगों ने इस तरह की “छापेमारी” पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि पहचान के नाम पर किसी की पैंट उतरवाना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि सामाजिक रूप से भी गलत संदेश देता है।

स्वामी यशवीर की टीम ने पिछले कुछ दिनों में कई होटलों में इसी तरह की पहचान जांच के लिए अभियान चलाया है, जिसका विरोध भी सामने आया है।

फिलहाल पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी, और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

advertisement at ghamasaana