शामली। जिले में एक बार फिर शरारती तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। धर्मस्थल कई जगहों पर मांस के टुकड़े फेंक दिए, जिससे एक पक्ष के लोगों में गुस्सा फैल गया। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी पहंुच गई और मांस को वहां से हटवाया। लोगों ने पुलिस से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव सिक्का में धर्मस्थल भूमिया खेड़ा पर करीब आठ स्थानों पर मांस के टुकड़े फेंक दिए। शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे महिला पूजा अर्चना करने के लिए गई तो इस घटना का पता चला। इस घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और रोष व्यक्त किया।
घटना की सूचना मिलते हैं आदर्श मंडी थाना पुलिस के साथ एएसपी ओपी सिंह, सीओ सिटी जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। ग्रामीणों ने गांव की शांति और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को शरारती तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया और मौके से मांस के टुकड़े हटवाए। पुलिस मामले की छानबीन जुटी है। खुफिया विभाग की टीमें भी गांव में अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही हैं। ग्राम प्रधान सियाराम शर्मा ने बताया कल शनिवार को भूमिया खेड़ा मे सामूहिक हवन और पूजन का कार्यक्रम है। इससे पहले दिन किन्ही शरारती तत्वों में धर्म स्थल पर मांस के टुकड़े फेंक दिए थे, जिन्हे हटवा दिया है। पुलिस ने जांच कराने के लिए मांस का सैंपल लिया है। एएसपी ने बताया घटना की गम्भीरता से जांच की जा रही हैं। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
