बलरामपुर। जिले भर में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। यहां गांवों में खूब सजावट की गई। एक गांव में तो अयोध्या जैसी सजावट की गई। यहां ग्रामीणों ने हजारों दीपक जलाकर इतिहास रच दिया। ग्रामीणों का कहना है कि अब तक इस क्षेत्र के किसी गांव में इतने दीपक नहीं सजाए गए हैं।

यह मामला बलरामपुर जिला के अंतर्गत उतरौला तहसील के गांव घोरीपुर का है। यहां गांव वालों ने दीपावली पर करीब 20 हजार दीपक जलाकर इतिहास रच दिया। इसके लिए ग्रामीण गांव कें मंदिर पर इकट्ठा हुए और पूरे मंदिर की भव्य सजावट की गई। यहां गणेश लक्ष्मी की मूर्ति भी आकर्षण का केंद्र रही। गांव के निवासी और कार्यक्रम के संयोजक बबलू तिवारी बताते हैं कि इस बार हमने सोचा कि क्यों न हम भी अयोध्या की तरह अपने गांव में भी दीपक जलाएं।

उनका कहना है कि राम केवल अयोध्या के नहीं हैं हम सबके हैं। इसलिए 500 साल बाद राम का वनवास खत्म हुआ और अपने भव्य महल में आ गए। इसकी खुशी हम सभी को है। इसलिए हमने इस बार दीपावली पर विशेष सजावट करने की योजना बनाई। यहीं के भाजपा नेता दयाशंकर तिवारी बताते हैं कि इस दीपावली को लेकर गांव वालों में काफी उत्साह था। हमें आसपास के गांव वालों का भी सहयोग मिला। तभी हम इतना बड़ा आयोजन कर सके।

वहीं ग्रामीण प्रकाश तिवारी, लल्लू तिवारी, नंदन तिवारी, सूरजलाल और बब्बू तिवारी आदि का कहना है कि वह चाहते हैं कि गांव का नाम जिले भर में प्रसिद्धि मिल सके इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

इतने बड़े आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह रहा है। गांव के बुजुर्गों का कहना है हमने अपने जीवन में गांव में इस तरह का आयोजन पहले नहीं देखा है।

यह पहली बार हुआ है और केवल इस गांव में ही नहीं जिले के किसी भी गांव में इस तरह का आयोजन नहीं हुआ होगा। हम जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि इस तरह के आयोजनों बढ़ावा और आयोजन करने वालों को सम्मानित करके उनका मनोबल बढ़ाए।

