आजम खां की मुश्किलें बढ़ीं, जौहर विश्वविद्यालय की दो इमारतें सील

Azam Khan troubles increased two buildings of Jauhar University sealed

रामपुर । जेल से रिहा होने के बाद भी आजम खां की मुश्किलें कम होती नहीं नजर आ रही हैं। प्रशासन ने जौहर यूनिवर्सिटी में शत्रु संपत्ति पर बनी दो इमारतों को सील कर दिया है। यह संपत्ति करीब 13ण्8 हेक्टेयर बताई जा रही है। इसको लेकर प्रशासन ने आजम खां पर 2019 में मुकदमा भी दर्ज कराया था। दो सप्ताह पहले इस मामले में हाईकोर्ट ने आजम खां की जमानत अर्जी मंजूर करते हुए शत्रु संपत्ति पर कब्जा लेने के लिए आदेश जिलाधिकारी को दिए थे। जमीन पर कब्जा लेने के बाद अब प्रशासन इस पर तारबंदी करा रहा है।

जौहर यूनिवर्सिटी की दो इमारतें भी इसकी जद में आ गई हैं। इसको लेकर उपजिलाधिकारी सदर मनीष मीणा ने यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार को नोटिस दिया था, जिसमें कब्जा हटवाने को कहा गया। दो दिन पहले इस मामले में प्रशासन ने भारत सरकार के मुख्य अभिरक्षक शत्रु संपत्ति और संयुक्त सचिव शत्रु संपत्ति को रिपोर्ट भेजी थी, जिसमें हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए उक्त संपत्ति पर कब्जे की कार्रवाई से अवगत कराया।

शत्रु संपत्ति के सर्वेयर से यह आकलन करने को कहा है कि इन इमारतों को हटाने में कितना खर्चा आएगा। बुधवार को एसडीएम ने दोनों इमारतों को सील भी करा दिया। हालांकि इस मामले में आजम खां भी सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर चुके हैं।

advertisement at ghamasaana