बागपत । रमाला में दिल्ली–सहारनपुर नेशनल हाईवे पर किशनपुर बराल स्थित निर्माणाधीन सीएनजी पंप के सामने गश्त कर रही पुलिस को देर रात एक कार में युवक का शव मिला। मृतक की पहचान हरियाणा के यमुनानगर नगर निगम में तैनात एसडीओ दीपक कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, कार सड़क किनारे खड़ी थी। कार के सभी दरवाजे लॉक थे और अंदर धीमी आवाज में संगीत चल रहा था। संदेह होने पर पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर कार को खोला। जहां चालक सीट पर युवक मृत अवस्था में मिला। मर्तक के मुंह से खून बह रहा था।
इसी दौरान मृतक के मोबाइल फोन पर परिजनों का कॉल आया। पुलिस ने फोन रिसीव कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन बागपत मोर्चरी पहुंच गए।
मृतक के परिजनों ने बताया कि वह यमुनानगर से अपने घर पलवल हरियाणा जा रहा था। रास्ते में यह घटना कैसे हुई, इसकी जानकारी फिलहाल नहीं मिल सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

