लखनऊ। ज्ञानपुर के बाहुबली विधायक विजय मिश्र ने आगरा जेल से सीएम, पूर्व सीएम अखिलेश यादव समेत आला अफसरों को तीसरा पत्र भेजा है। आरोप लगाया है कि गलत उपचार के कारण आंखों में खून जम गया है, जिससे रोशनी जा रही है। पूरे परिवार को अधिकारियों व एक जनप्रतिनिधि की ओर से प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया। न्याय न होने पर एक नवम्बर से आगरा जेल में ही आमरण-अनशन की चेतावनी दी। पत्र के माध्यम से कहा कि एक जनप्रतिनिधि जिनका टिकट लोकसभा चुनाव के दौरान कट गया था। जब भी लखनऊ आते हैं, परिवार पर एक फर्जी मुकदमा दर्ज हो जाता है। बेटे को हथियारों के जखीरा संग दिखाकर आतंकवादी साबित करने पर अफसर तुले हैं। उनकी निधि के कार्यों को जान बूझकर अटकाया जा रहा है। बेटी, दामाद समेत पूरे परिवार पर केस दर्ज करा दिया गया है। जिससे मुकदमे की पैरवी करने वाला कोई परिवार में नहीं बचा है।