सहारनपुर। बजाज शुगर मिल गागलहेड़ी ने पेराई सत्र 2020-21 के बकाया का भुगतान एक साल में भी नहीं किया है। इस पर उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए जिला गन्ना अधिकारी ने मिल के चीनी गोदाम व शीरे के टैंक सील कर दिए। विभाग द्वारा किसानों के बकाया का भुगतान करने के लिए चीनी मिल अध्याशी को 10 दिसंबर तक का समय दिया गया था।
जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने बताया कि बजाज चीनी मिल द्वारा दिये गए समय सीमा में भुगतान न किये जाने पर उन्होंने नीरज, अवनीश, मनोज आदि कर्मचारियों के साथ चीनी मिल गांगनौली पहुंचकर मिल के दो चीनी गोदामों को सील कर दिया।
उन्होंने बताया कि गोदाम नंबर एक में पिछले साल और चालू सत्र की कुल 140135 कुंतल चीनी मौजूद है। इसमें 2020-21 की 83781 कुंतल तथा 2021-22 की 56354 कुंतल चीनी मौजूद है। गोदाम नंबर 2 में 2021-22 के 137736 कुंतल चीनी मौजूद है। इस तरह दोनों गोदामों में कुल 277871 कुंतल चीनी मौजूद है। जिसे उन्होंने अपने अनुरक्षण में लेते हुए यूनिट हेड यशराज सिंह तथा प्रधान प्रबंधक (गन्ना) अनिल चौहान तथा मुख्य प्रबंधक चीनी गोदाम के साथ इस शर्तनामें पर हस्ताक्षर कराया है कि अब तक एथनाल एवं चीनी बिक्री की धनराशि गन्ना मूल्य के लिए एस्क्रो-एकाउंट में दिये जाने के उपरांत ही चीनी बिक्री तथा शीरे का एथनॉल में भी निर्माण के लिए अनुमति प्रदान की जायेगी।
इसकी शर्त यह होगी कि टैगिंग नियमों के अनुसार एथनाल का 55 प्रतिशत तथा चीनी का 85 प्रतिशत एस्क्रो-एकाउंट में किसानों के गन्ना मूल्य भुगतान में दिये जाने के पश्चात अगली डिस्पेच के लिए जिला गन्ना अधिकारी या जिला गन्ना अधिकारी के प्रतिनिधि की उपस्थिति में आवश्यकतानुसार गोदामों के ताले खोले जायेंगे।
