शामली। बकाया गन्ना भुगतान दिल्ली देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का मुआवजा बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट के सामने पानीपत-खटीमा हाईवे जाम कर दिया।
भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा शांतिपूर्ण आंदोलन से सरकार किसानों की जायज मांगें मानने के लिए तैयार नहीं है। इसलिए उन्हें यह रास्ता अपनाना पड़ा। गन्ना भुगतान न होने से किसान बड़े संकट में है। उनके घर के खर्च नहीं चल पा रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई छूट रही है। बीमारियों का इलाज नहीं हो पा रहा है।
सरकार चीनी मिलों पर दबाव बनाने में नाकाम साबित हो रही है। इसके अलावा किसानों की भूमि कौड़ियों के भाव खरीद कर सरकार हाईवे बनाना चाहती है। जिससे किसान पूरी तरह बर्बाद हो जाएगा। उन्होंने कहा कि मांग पूरी होने तक किसानों का आंदोलन जारी रहेगा। हाईवे जाम की वजह से लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बता दें कि भाकियू कार्यकर्ता 9 दिन से कलक्ट्रेट में बेमियादी धरने पर बैठे हैं।
