शामली। भारत जोड़ो यात्रा के 111वें दिन प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि देश आर्थिक विषमता से जूझ रहा है। भाजपा और आरएसएस मिलकर सामाजिक ध्रुवीकरण कर रहे हैं। कांग्रेस की ये भारत जोड़ो यात्रा मोदी की राजनीतिक तानाशाही के खिलाफ है। कांग्रेस विचारधारा की जंग लड़ रही है।
ऊंचागांव में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि यह मन की बात यात्रा नहीं है। किसी तरह की भाषणबाजी या चुनाव के लिए यह यात्रा नहीं निकाली जा रही है। समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। भाजपा के शासन में अराजकता फैली है। इस यात्रा से यह संकेत मिल रहे हैं कि देश का युवा चाहते हैं कि कांग्रेस की सरकार फिर से आए।
भाजपा और आरएसएस टुकड़े-टुकड़े करके देश बेच रहे हैं। इन्होंने भाषा, धर्म के नाम पर देश के टुकड़े कर दिए हैं। देश को संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करके ही बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले हम चुनाव में व्यस्त थे, यह यात्रा हमें काफी पहले निकालनी चाहिए थी। भाजपा की फैलाई नफरत के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने में हमें 5, 10, 15 साल लग सकते हैं। लेकिन हम जरूर जीतेंगे।

