बहराइच। नानपारा में बारावफात के जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जुलूस के रास्ते में एक बिजली के खंभे में करंट आ रहा था। जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। छह मौतों से कस्बे में हाहाकार मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

नानपारा कोतवाली के माशूकपुर गांव में शनिवार देर रात को बरावफ़ात का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के रास्ते पर एक बिजली का खंभा था, जिसपर करंट उतर रहा था। उस खंभे के आसपास पानी भरा था, जिससे पानी में भी करंट आ गया था। जुलूस जैसे ही उस खंभे के पास पहुंचा तो कुछ लोग पानी में उतर गए। जिससे वह करंट की चपेट में आ गए।

करंट लगने से तीन मासूम बच्चों समेत चार लोगों क़ी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि तीन लोग घायल हो गए। सभी को बहराइच मेडिकल कालेज से लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रविवार सुबह दो और लोगों क़ी मौत हो गई। मरने वालों में मोहम्मद इलियास, नफीस, तबरेज, मो. इसलाम, सुफियान, मोहम्मद वसीम, असफाक, मोहम्मद इबारक असरफ, मोहम्मद अब्बास अली सफीक और जुगुनू शामिल हैं। यह सभी चौरी कुटिया, मसूपुर और भकगगड़वा के निवासी हैं।

पुलिस अधीक्षक गांव पहुंच गए हैं । इसके अलावा प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, सीओ जंग बहादुर यादव समेत अन्य अधिकारी गांव पहुंचे है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद बहराइच में जुलूस के दौरान हुए हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुःख प्रकट किया है। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं।