सीतापुर। जिले पांच लोगों की हत्याओं से सनसनी फैल गई । एक व्यक्ति ने अपने परिवार के पांच लोगों को मौत के घाट उतार दिया और खुद भी गोली मारकर जान दे दी। वहीं मृतक के भाई ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई।
वारदात मथुरा थाना इलाके के पल्हापुर गांव की है। यहां के निवासी अनुराग सिंह 45 ने देर रात तीन बजे अपनी मां सावित्री 62 और पत्नी प्रियंका सिंह 40 की गोली मारकर हत्या कर दी। ऐसा लग रहा था कि उसके सिर पर खून सवार है। इतने से भी उसका मन नहीं भरा तो उसने बेटी अस्वी 12, अर्ना 8 और पुत्र आद्विक 4 को छत से नीचे फेंक दिया। जिससे उनकी भी मौत हो गई। इसके बाद अनुराग ने खुद को भी गोली मार ली। घर के सभी सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। उसके भाई ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई।
अनुराग ने ऐसा क्यों किया इसकी जांच चल रही है। उसके भाई से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। किसी की भी समझ में नहीं आ रहा है कि अनुराग ने ऐसा क्यों किया। क्योंकि घर पर किसी भी चीज की कमी नहीं थी। उनका परिवार संपन्न था। पत्नी प्रियंका लखनऊ स्थित एक बैंक में नौकरी करती थी। इसके अलावा घर पर 100 बीघा से अधिक खेती थी। अनुराग बीएससी एग्रीकल्चर था तो खेती में रुचि थी। वह खेती संभालता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

