वायुसेना का बड़ा बयान, ऑपरेशन सिंदूर अभी जारी है, जल्द दी जाएगी जानकारी

rafel

नई दिल्ली: पाकिस्तान के साथ सीजफायर के माहौल के बीच भारतीय वायुसेना (IAF) का बड़ा बयान सामने आया है। वायुसेना ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन सिंदूर अभी भी जारी है और आने वाले समय में इससे जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। वायुसेना ने यह जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल X (पूर्व में ट्विटर) पर दी है।

IAF ने अपने बयान में कहा, “भारतीय वायुसेना ने ऑपरेशन सिंदूर में अपने निर्धारित कार्यों को सटीकता और व्यावसायिकता के साथ सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। यह ऑपरेशन राष्ट्रीय उद्देश्यों के अनुरूप, सोच-समझकर और विवेकपूर्ण तरीके से संचालित किए गए हैं। चूंकि ऑपरेशन अभी भी जारी है, इसलिए सही समय पर इसकी विस्तृत जानकारी दी जाएगी।”

वायुसेना ने साथ ही लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह या अपुष्ट जानकारी को साझा करने से बचने की अपील की है।

गौरतलब है कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारत ने ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत की थी। इस संयुक्त सैन्य कार्रवाई में तीनों सेनाओं ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया था।

इस हमले के बाद पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा (LoC) पर भीषण गोलीबारी और ड्रोन अटैक किए थे। हालांकि, भारत के मजबूत एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी पाकिस्तानी ड्रोन को हवा में ही मार गिराया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की कई सैन्य ठिकानों पर हमला किया, जिसमें पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए सरकार और सेना की ओर से जनता से संयम बरतने और आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की गई है।

advertisement at ghamasaana