बिजनौर। चांदपुर पुलिस और स्वाट सर्विलांस टीम शनिवार तड़के बड़ी सफलता हाथ लगी। दोनों टीमों ने मुठभेड़ के बाद चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि बदमाशों की गोली लगने से दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस ने इन बदमाशों के पास से मिनी बैंक संचालक से लूटे गए 1.55 लाख रुपये, 02 मोबाइल फोन, 01 वैगनआर कार बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को सुबह ही मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि चांदपुर में मिनी बैंक संचालक से लूट करने वाले बदमाश जलीलपुर मार्ग से होकर जाने वाले हैं। इस सूचना पर क्षेत्राधिकारी चांदपुर, प्रभारी निरीक्षक चांदपुर, स्वाट सर्विलांस टीम ने ब्लॉक जलीलपुर चौक पर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक संदिग्ध वैगनआर कार को रोकने का प्रयास किया तो उक्त कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
इसके जवाब में पुलिस टीम फायरिंग करते हुए वैगनआर कार का पीछा कर सिमली चौराहे के पास से कार सवार बदमाशो को घेरकर पकड़ लिया गया। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी फ़ायरिंग में कार सवार 02 बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिनको घायल अवस्था में हिरासत में लिया गया। इनके अन्य 02 साथी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने लगे, जिनको पुलिस टीमों ने घेराबंदी करके गिरफ्तार किया गया। बदमाशों द्वारा चलाई गई गोली में थाना चांदपुर पर नियुक्त आरक्षी केशव व आरक्षी सुरेन्द्र चौहान भी घायल हुए है।
पूछताछ पर घायल बदमाशों ने अपना नाम नवीन कुमार सैनी पुत्र ओमप्रकाश निवासी मीरापुर खादर, भूपेन्द्र उर्फ बीनू सैनी पुत्र खचेडू सैनी निवासी नाईपुरा, राजीव कश्यप पुत्र मूला सिंह निवासी बीरोपुर थाना चांदपुर बिजनौर और जीशान पुत्र फुरकान निवासी दरबड थाना चांदपुर बिजनौर बताया। बदमाशों के कब्जे से तीन अवैध तमंचे 315 बोर, पांच कारतूस और चार खोखा कारतूस, एक चाकू व लूट की घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पकड़े गए बदमाशों ने 17 नवंबर को थाना चांदपुर के अंतर्गत लक्ष्मीधर तिराहा ईट भट्टे के पास से मिनी बैंक संचालक से तमन्चे के बल पर लूट स्वीकार की है। पुलिस बदमाशों का अपराधिक रिकॉर्ड तलाश कर रही है।

