बिजनौर । कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम महुआ स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य द्वारा छात्राओं को हिजाब में आने से रोके जाने की वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया । मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय पहुंचकर मामले की जांच की । जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्राओं तथा उनके अभिभावकों से भी बात की।
थाना क्षेत्र के ग्राम महुआ में स्थित जनता इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य शिवेंद्र पाल सिंह द्वारा छात्राओं को कथित तौर पर हिजाब ओढ़ कर आने पर पाबंदी लगाने का वीडियो वायरल हुआ था। वायरल वीडियो में छात्राओं ने बताया था कि प्रधानाचार्य उन्हें हिजाब ओढ़ कर आने से मना करते हैं।वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।मंगलवार को जिला विद्यालय निरीक्षक जय करण यादव विद्यालय में पहुंचे तथा मामले की जांच की।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने छात्राओं तथा उनके परिजनों से बात की ।जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्रधानाचार्य तथा प्रबंध कमेटी के लोगों से भी बातचीत की। इस संबंध में वायरल वीडियो में शामिल छात्राएं सानिया, मंतशा, जेबा, कशिश आदि ने बताया कि प्रधानाचार्य द्वारा उन्हें कई बार हिजाब न ओढ़ कर आने के लिए कहा गया । उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानाचार्य ने हिजाब ओढ़कर आने पर टी सी काटने की धमकी भी दी। प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने इस संबंध में बताया कि विद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के परिजनों के अतिरिक्त कुछ बाहरी लोग भी विद्यालय में आए और इस बात को लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी जबकि प्रधानाचार्य द्वारा हिजाब को लेकर बात नहीं कही गई थी।
उन्होंने दुपट्टे को ओढ़ने के तरीके के लिए बात कही थी।विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुलदीप त्यागी ने बताया कि आमतौर पर सभी छात्राएं वी आकार में दुपट्टा ओढ़ कर आती है लेकिन कुछ छात्राएं सर पर दुपट्टा ओढ़ कर आने लगी। जिस कारण उनकी पहचान एक धर्म विशेष के रूप में हो गई।विद्यालय में अमीर,गरीब ,धर्म, जाति का कोई बंधन नहीं हो इसके लिए प्रधानाचार्य द्वारा सभी को समान रूप से दुपट्टा ओढ़ कर आने के लिए कहा गया था।
प्रधानाचार्य शिवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उन्होंने छात्राओं से समान रूप से दुपट्टा ओढ़ कर आने के लिए कहा था।इस संबंध में उनके परिजनों को बुलाया गया था परिजनों द्वारा सिर पर दुपट्टा ओढ़ कर आने के लिए कहा गया।तब प्रधानाचार्य ने इसकी अनुमति दे दी थी।मंगलवार को छात्राएं सिर पर दुपट्टा ओढ़ कर आई। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक जयकरन यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
