बिजनौर। एक तरफ भयंकर सर्दी में सड़कों के किनारे इंसानों के लिए रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। वही बिजनौर के एक अधिकारी ने अपने घर के बाहर स्ट्रीट डॉग के लिए रैन बसेरा बनवा दिया। उन्होंने न केवल यह रैन बसेरा बनवाया बल्कि इन सभी स्ट्रीट डॉग के नामकरण भी कर दिए, किसी का नाम गुलाब जामुन रखा किसी का इमरती तो किसी का लड्डू नाम रखा है।

यह अधिकारी है बिजनौर जिले के एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह। इस रैन बसेरे में कुत्तों को सर्दी से बचाने के लिए गद्दे तक डाले गए हैं। इनके काटने से कोई बीमार न पड़े इसलिए इन सभी स्ट्रीट डॉग का टीकाकरण भी करा दिया। पूरे दिन घूमने के बाद यह सभी डॉग समय पर खाना खाने के लिए अपने रैन बसेरे के पास पहुंच जाते हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि जब वह इस सरकारी आवास में शिफ्ट हुए थे तो उस समय केवल एक ही डॉग वहां आता था। मुझे डॉग से लगाव है इसलिए मैंने उसे खाना देना शुरू कर दिया। इसके बाद एक के बाद एक यहां संख्या 4 हो गई। सर्दी शुरू हुई तो याद आया इन्हें भी रेन बसेरा की जरूरत है।

